आपकी बेटी को सहायता का इंतजार
बारां. सरकार की ओर से सरकारी स्कूलों में शिक्षा प्राप्त कर रही बेटियों को विभिन्न योजनाओं के तहत दी जाने वाली आर्थिक सहायता भी कोरोना से संक्रमित हो गई है। आमतौर पर नए शिक्षा सत्र की शुरूआत के कुछ दिनों बाद ही योजनाओं के तहत लाभांवित करने के लिए प्रक्रिया शुरू कर दी जाती है, लेकिन वर्तमान शिक्षा सत्र 2020-21 कोरोना की चपेट में रहा तो योजनाओं की प्रक्रिया भी ठप पड़ी रही। अब जनवरी माह में योजनाओं के तहत प्रस्ताव की प्रक्रिया जारी है। इससे इसका लाभ भी शिक्षा सत्र के अंत तक ही मिलने की उम्मीद है। हाल ही में आपकी बेटी योजना के तहत प्रस्ताव मांगे गए हैं।
read also : राजस्थान में सर्दी का सितम, छाया घना कोहरा, कांप उठा कोटा
आर्थिक कमजोर को मिलेगा लाभ
राज्य सरकार की ओर से आपकी बेटी योजना वर्ष 2018-19 में शुरू की गई थी। इसके तहत बालिका शिक्षा फाउंडेशन की ओर से कक्षा 1 से 12वीं में राजकीय विद्यालय में अध्यनरत गरीबी रेखा से नीचे (बीपीएल) जीवन यापन कर रहे परिवारों की बालिका जिनके माता-पिता दोनों अथवा दोनों में से किसी एक का निधन हो गया हो तो ऐसी बालिकाओं को वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी। इसके प्रस्ताव तैयार कर शिक्षा विभाग की ओर से पात्र बालिकाओं की सूची बालिका शिक्षा फाउंडेशन राजस्थान को हार्ड एवं सॉफ्ट कॉपी में भेजे जाएंगे। इस योजना के लिए लाभार्थी के पास बीपीएल राशन कार्ड होना आवश्यक है।
अब बढ़ा दी सहायता राशि
योजना के तहत पूर्व में कक्षा 1 से कक्षा 8वीं तक की छात्राओं को आर्थिक सहायता के रूप में 1100 रुपए तथा कक्षा 9 से लेकर 12वीं तक के छात्राओं को 1500 रुपए दिए जाते थे, लेकिन अब राज्य ने इस राशि में एक हजार रुपए की राशि बढ़ा दी है। सत्र 2020-21 से सभी योग्य लाभार्थियों को कक्षा 1 से कक्षा 8वीं तक 2100 रुपए तथा कक्षा 9 से कक्षा 12वीं में अध्ययनरत बालिकाओं को 2500 रुपए प्रदान किए जाएंगे।
read also : लो आ गई खुशियों की घड़ी
इनको भी मिले अच्छी शिक्षा
योजना का मुख्य उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों की छात्राओं को प्रोत्साहित करना है। साधन विहीन बालिकाओं को शिक्षा प्रदान करने, बालिका शिक्षा को प्रोत्साहित करने, राजकीय विद्यालयों में नामांकन एवं ठहराव में वृद्धि करने तथा बालिकाओं को शिक्षा के लिए आर्थिक सहयोग प्रदान करने के उद्देश्य से आपकी बेटी योजना राज्य सरकार के आदेशानुसार बालिका शिक्षा फाउंडेशन के वित्तीय सहयोग से संचालित की जा रही है। आर्थिक सहयोग मिलने से आर्थिक रूप से कमजोर बेटियां भी अच्छी शिक्षा प्राप्त कर सके और राज्य के निर्माण में अपनी भूमिका अदा कर सके।
माध्यमिक शिक्षा की करीब सौ बालिकाओं के प्रस्ताव तैयार कर भेजे गए हैं। लेकिन प्रारम्भिक शिक्षा की बालिकाओं के प्रस्ताव भेजने के लिए फिलहाल ब्लॉक से सूचनाएं एकत्र की जा रही है। कोरोना के कारण कुछ दिनों की देरी जरूर हुई है, लेकिन बहुत अधिक देरी नहीं हुई है।
सीताराम मीणा, जिला शिक्षा अधिकारी (प्रावमा)
source https://www.patrika.com/baran-news/your-daughter-is-waiting-for-help-6621685/
Comments
Post a Comment