बारां में मेडिकल कॉलेज के लिए जमीन मिली, रजिस्ट्री के बाद आगे बढ़ेगी प्रक्रिया
बारां. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को वर्चुअल माध्यम से प्रदेश के चार जिलों में मेडिकल कॉलेज के निर्माण की आधारशिला रखी, लेकिन इनमें बारां जिला शामिल नहीं होने से लोग निराश रहे। इन चार मेडिकल कॉलेज के साथ बारां जिला मुख्यालय पर भी केन्द्र परिवर्तित योजना के तहत मेडिकल कॉलेज का निर्माण प्रस्तावित है। प्रशासनिक व चिकित्सा विभाग के अधिकारियों का कहना है कि बारां जिला मुख्यालय पर निर्माण के लिए प्रस्तावित जमीन से अवरोध हटाने में विलम्ब हो गया था। अब मेलखेड़ी छापर पर करीब 143 बीघा जमीन नि:शुल्क राजस्थान चिकित्सा शिक्षा विभाग को हैंड ओवर कर दी गई है। जिससे मेडिकल कॉलेज के लिए डिजायन व ड्राइंग बनाने का कार्य आरम्भ होगा, लेकिन इससे पूर्व इस जमीन रजिस्ट्री राजस्थान चिकित्सा शिक्षा विभाग के नाम कराई जाएगी। इसके बाद ही प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
650 बेड का होगा जिला चिकित्सालय
जिला चिकित्सालय में प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. आरबी मीना ने बताया कि 27 सितम्बर को जिला कलक्टर राजेन्द्र विजय व मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सम्पतराज मीणा, ड्राइंग व डिजायन तैयार करने वाली दिल्ली-जयपुर के सरकारी उपक्रम एचएससी के प्रतिनिधियों तथा सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिकारियों की संयुक्त बैठक हुई थी। इसमें जिला चिकित्सालय को 650 बेड करने के लिए विस्तार विंग के निर्माण तथा पुराने की मरम्मत व नवीनीकरण को लेकी विचार विमर्श किया गया। एचएससी ने इसके लिए विस्तृत प्लान तैयार किया है।
350 बेड की बनेगी नई विंग
डॉ. मीना ने बताया कि जिला चिकित्सालय परिसर में जर्जर हो चुके चिकित्सक व नर्सिंग स्टाफ क्वाटर्स के स्थान पर 350 बेड की नई विंग का निर्माण कराया जाएगा। यह विंग 4 से 6 मंजिला हो सकती है। इसके अलावा 300 बेड के पुराने भवन की मरम्मत व नवीनीकरण को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई है। इसमें पुराने भवन के स्थान पर नए भवन के निर्माण को प्राथमिकता मिली, लेकिन मेडिकल कॉलेज का निर्माण जल्द शुरू कराने के लिए मरम्मत के प्रस्ताव तैयार करने पर जोर दिया गया।
केन्द्र व राज्य की हिस्सेदारी
बारां में मेडिकल कॉलेज का निर्माण केन्द्र सरकार की परिवर्तित योजना के तहत कराया जाएगा। इसके निर्माण में केन्द्र सरकार 60 प्रतिशत राशि उपलब्ध कराएगी तो राज्य सरकार 40 फीसदी राशि देगी। लेकिन अभी दोनों ही सरकारों ने कोई राशि जारी नहीं की है। निर्माण के लिए तय नोडल एजेंसी के अधिकारिक सूत्रों ने बताया कि ड्रांइग व डिजायन को मंजूरी मिलने के बाद राशि जारी करने का प्रावधान है।
-बारां में मेडिकल कॉलेज के निर्माण के लिए लगभग 143 बीघा भूमि जिला प्रशासन ने राजस्थान चिकित्सा शिक्षा विभाग को नि:शुल्क हैंड ओवर कर दी है। अब इसकी रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूरी कर केन्द्र सरकार की एजेंसी से ड्राइंग व डिजायन बनवाई जाएगी। इसके बाद टेंडर प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।
डॉ. सीपी मीना, नोडल अधिकारी बारां मेडिकल कॉलेज
source https://www.patrika.com/baran-news/land-found-for-medical-college-in-baran-7097852/
Comments
Post a Comment