त्योहार आते ही यहां लडख़ड़ा जाती है यातायात व्यवस्था
बारां. शहर में एक बार फिर त्योहारी सीजन में यातायात व्यवस्था प्रभावित होने लगी है। यहां-वहां बेतरतीब दुपहिया व चारपहिया खड़े होने लगे हंै। आगामी दिनों में बाजारों में चहल-पहल व खरीदारी बढऩे के साथ ही यातायात का और दबाव भी बढ़ेगा। इससे त्योहार के विशेष दिनों में यातायात व्यवस्था सुगम बनाए रखने के लिए अभी से सख्ती बरतने की जरूरत है।
शहर के कुछ प्रमुख मार्गो पर बाइकर्स स्टंट करते हुए फर्राटे भर रहे हैं। इससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। सबसे अधिक बाइकर्स अस्पताल रोड पर लहराते हुए बाइक दौड़ा रहे हैं। बाजार बंद होने के बाद तो इन बाइकर्स की आवाजाही काफी बढ़ जाती है। इससे भोजन के बाद सायंकालीन भ्रमण पर निकलने वाले आसपास की कॉलोनी के लोगों को दुर्घटना का डर सताने लगा है। इस मामले में पूर्व में व्यापार महासंघ की ओर से प्रमुख मार्गो पर गति नियन्त्रण की सख्ती से पालना कराने की मांग की थी, लेकिन कुछ दिन की चौकसी के बाद भूला दिया गया।
टहलने में भी रहता है डर
कृष्णा कॉलोनी निवासी व्यापारी मनोज बाठला ने बताया कि रात्रि के समय अस्पताल रोड पर तेज रफ्तार में लहराते हुए चलने वाले दुपहिया चालकों से गंभीर हादसा होने का डर रहता है। अक्सर रात करीब दस बजे बाद विभिन्न कॉलोनियों के युवा बाइक लेकर अस्पताल के सामने थडिय़ों पर चाय पीने पहुंचते हैं तथा लौटते समय स्टंट करते हुए बाइक चलाते हैं। इससे महिलाओं ने तो देर शाम को रोड पर टहलना ही बंद कर दिया। इस मामले में पुलिस को भी अवगत कराया गया है।
सड़कों पर वाहनों का जमावड़ा
दिन के समय भी शहर के प्रमुख मार्गो पर वाहनों का जमावड़ा रहता है। संस्था धर्मादा से प्रताप चौक, दीनदयाल पार्क, संस्था धर्मादा चौराहा से अस्पताल रोड, कोटा रोड पर गुरुद्वारा से सीनियर सैकंडरी स्कूल तक रोड के आसपास बेतरतीबी से वाहन खड़े रहते हैं। इन मार्गों पर विभिन्न बैंकों की शाखाएं हैं, लेकिन वाहन पार्किंग की सुविधा नहीं होने से बैंकों के बाहर सड़कों पर दुपहिया वाहनों की कतारे लगी रहती है। वहीं कोटा रोड पर आरओबी से रेलवे माल गोदाम तक दिनभर ट्रक आदि भारी वाहनों की आवाजाही रहती है। इससे दुर्घटना होने का अंदेशा बना रहता है।
-नाबालिग, बिना नम्बरी वाहन चलाने व स्टंट करने वाले बाइकर्स के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। बुधवार को भी दो नाबालिग के चालान बनाकर समझाइश की गई। बैंक के सामने रोड से भी दुपहिया हटाए जाते हंै। त्योहारी सीजन में दबाव तो बढ़ेगा, लेकिन व्यवस्था बनाई जा रही है।
-मानसिंह, प्रभारी, पुलिस यातायात शाखा
source https://www.patrika.com/baran-news/risk-of-accidents-due-to-running-vehicles-doing-stunts-risk-of-acciden-7148587/
Comments
Post a Comment