अधिकारियों ने संवेदक से कहा, अब कराओ निर्माण शुरू
बारां. जिला मुख्यालय पर मेडिकल कॉलेज के निर्माण की अब सभी बाधाएं दूर हो गई हैं। राजस्थान मेडिकल एजुकेशन सोसायटी (राजमेस) ने बुधवार को जयपुर में हुई उच्च स्तरीय बैठक में संवेदक की ओर से प्राचार्य निवास व आचार्य क्वाटर्स में की डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) व निर्माण प्रोजेक्ट रिपोर्ट (सीपीआर) को मंजूरी दे दी है। निर्माण एजेंसी आरएसआरडीसी ने अब संवेदक से निर्माण कार्य शुरू कराने को कहा है। वहीं, दूसरी ओर राज्य के खनन एवं गोपालन मंत्री प्रमोद जैन भाया ने भी जयपुर में सीएमओ में पत्र दिया है। इसमें सीएम गहलोत से बारां के मेडिकल कॉलेज का शिलान्यास करने का आग्रह किया गया है। भाया के साथ बारां-अटरू विधायक पानाचंद मेघवाल भी थे।
जयपुर में हुई राजमेस की बैठक में मौजूद रहे बारां मेडिकल कॉलेज के नोडल अधिकारी व कोटा मेडिकल कॉलेज के आचार्य डॉ. सीपी मीना ने बताया कि नई संवेदक फर्म ने मेडिकल परिसर में बनाए जाने वाले प्राचार्य आवास व आचार्य क्वाटर्स की डिजाइन में बदलाव के लिए अनुमति चाही थी। इसे लेकर जयपुर में आयुक्त राजमेस डॉ. पृथ्वीराज की अध्यक्षता में उच्च स्तरीय समिति की बैठक हुई। जिसमें प्राचार्य निवास व आचार्य क्वाटर्स में की डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) व निर्माण प्रोजेक्ट रिपोर्ट (सीपीआर) को मंजूरी दे गई। बैठक में शामिल सभी सदस्यों ने निर्माण जल्द शुरू कराने पर भी जोर दिया। इस बैठक में बारां के अलावा बूंदी, सवाईमाधोपुर व झुंझुनू जिला मुख्यालयों पर प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज के निर्माण को लेकर भी चर्चा की गई। इन चारों ही जिलों में निर्माण का जिम्मा आरएसआरडीसी को सौंपा हुआ है।
काली मिट्टी से परेशानी तो कराएं दूसरे कार्य
बैठक में आरएसआरडीसी के अधिकारियों ने बारां जिला मुख्यालय के मेलखेड़ी छापर पर स्थित आवंटित भूमि पर निर्माण को गति देने के लिए यहां की काली मिट्टी को अवरोध बताया। इस पर राजमेस के अधिकारियों ने कहा कि काली मिट्टी में दिक्कत वाले कार्य को छोड़ अन्य कार्य अविलम्ब शुरू कराए जाए। इससे मेडिकल कॉलेज के प्रथम फेज का निर्माण तय समय पर पूरा हो सकेगा। उल्लेखनीय है कि मेडिकल कॉलेज के निर्माण के पहले फेज के लिए लगभग 99 करोड़ रुपए का कार्यादेश जारी किया जा चुका है। इसका निर्माण पूरा होने के बाद ही दूसरे फेज का निर्माण कराया जाएगा।
मंत्री भाया ने सौंपा आग्रह पत्र
दूसरी ओर राजनीतिक स्तर पर भी बारां में मेडिकल कॉलेज का निर्माण जल्द शुरू कराने के लिए प्रयास जारी हैं। इसके तहत बुधवार को बारां जिले का प्रतिनिधित्व करने वाले राज्य के खान एवं गोपालन मंत्री प्रमोद जैन भाया ने जयपुर स्थित मुख्यमंत्री कार्यालय में एक पत्र सौंपा है। जिसमें सीएम गहलोत से बारां में मडिकल कॉलेज का शिलान्यास करने का आग्रह किया गया है। मंत्री भाया ने बताया कि अगस्त माह में सीएम गहलोत बारां में मेडिकल कॉलेज का शिलान्यास करने आएंगे, इसकी पूरी उम्मीद है। उनके साथ बारां अटरू विधायक पानाचंद मेघवाल भी थे। भाया ने बताया कि सीएम के दिल्ली में होने से मुलाकात नहीं हो सकी।
केन्द्र का पेंच भी है अभी सुलझाना
बारां में प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज के निर्माण में केन्द्र सरकार की भी भागीदारी भी है। ऐसे में शिलान्यास कार्यक्रम में केन्द्र सरकार के मंत्री अथवा किसी प्रतिनिधि की सहभागिता भी जरूरी है। इसके लिए राजमेस समेत निर्माण एजेंसी ने केन्द्र सरकार को चि_ी भेजी है। ऐसे में जयपुर व दिल्ली से कोई एक तिथि निर्धारित होने पर ही शिलन्यास कार्यक्रम होगा।
source https://www.patrika.com/baran-news/the-officials-told-the-sensor-now-get-the-construction-started-7678172/
Comments
Post a Comment