शानदार...बारां की छलांग, देश के 112 जिलों में 13वें नंबर पर आया
हंसराज शर्मा. बारां. देशभर के अति पिछड़े व महत्वाकांक्षी 112 जिलों में शुमार बारां भारत सरकार के नीति आयोग की ओर से अगस्त माह की डेल्टा रैंकिंग में कई क्षेत्रों में पिछड़कर 91वीं पायदान पर था। सितम्बर में इसने लम्बी छलांग लगाई और 13वीं पायदान पर पहुंच गया। सितम्बर माह में जिला हेल्थ व न्यूट्रीशियन, एग्रीकल्चर एण्ड वॉटर रिसोर्स, फाइनेन्सियल एण्ड स्किल डवलपमेन्ट तथा आधारभूत अधेसंरचना में काफी सुधार हुआ। एज्युकेशन में जिला और पिछड़ गया। एजुकेशन में जिला अगस्त माह में 105 वीं रैंक थी, अब ये पिछड़कर 109वीं रैंक पर आ गया।
ऐसे मिलती है रैंक
डिस्ट्रक्ट एस्पिरेशनल प्रोग्राम में मुख्य रूप से छह मापदंडों के आधार पर सुधारात्मक कार्यों में हाउस होल्ड सर्वे के अनुसार डेल्टा रैंकिंग मिलती है। इसमें हैल्थ एण्ड न्यूट्रीशन के 30 प्रतिशत, एज्युकेशन के 30, एग्रीकल्चर एण्ड वॉटर रिसोर्स के 20, फाइनेंशियल इन्क्लूजन के 5 एवं आधारभूत अधेसंरचना पर 10 प्रतिशत अंकों का प्रावधान है।
इनमें सुधरे, यहां पिछड़े
जिले को सितम्बर माह में हैल्थ एण्ड न्यूट्रीशन में 8वीं, एज्युकेशन में 109वीं, एग्रीकल्चर एण्ड वॉटर रिसोर्स में 26वीं, फाइनेंशियल इन्क्लूजन एण्ड स्किल डवलपमेन्ट में 27वीं, तथा आधारभूत अधेसंरचना में 26वीं रैंक मिली।
अगस्त की स्थिति
जिले को अगस्त माह में हैल्थ एण्ड न्यूट्रीशन में 75वीं, एज्युकेशन में 105वीं, एग्रीकल्चर एण्ड वॉटर रिसोर्स में 88वीं, फाइनेंशियल इन्क्लूजन एण्ड स्किल डवलपमेन्ट में 71वीं, तथा आधारभूत अधेसंरचना में 35वीं रैंक मिली थी। जिला डेल्टा रेैकिंग में जिले की धुंधली तस्वीर अब थोड़ी साफ नजर आने लगी है। लेकिन कई जिला अधिकारियों द्वारा सुधारात्मक कदम उठाने में तत्परता नही बरती जा रही है। इसके चलते विकास की रफ्तार अव्वल नही हो पा रही है। हालाकि जिला मुख्यालय पर होने वाली मासिक बैठकों में निर्देश तो दिए जाते हैं। लेकिन अधिकारी उन पर कड़ाई से अमल नही करते है।
जिले में शिक्षा के क्षेत्र में विशेष प्रयास किए जाएंगे। प्रतिमाह बैठक आयोजित कर संबंधित विभागों के कार्यों की समीक्षा कर सुधारात्मक कदम उठाने के लिए निरन्तर दिशा निर्देश दिए जाते हैं। उसी के चलते 13वीं रैंक मिली। अब जिन क्षेत्रों में पिछड़ रहे हैं, उनमें विशेष एक्शन प्लान तैयार कर नीति आयोग की डेल्टा रैंकिग में सुधार के प्रयास तेज किए जाएंगे।
नरेन्द्र कुमार गुप्ता, जिला कलक्टर, बारां
source https://www.patrika.com/baran-news/neeti-aayog-planning-commission-of-india-planning-coommission-7876373/
Comments
Post a Comment