गुंडागर्दी : उपचार कराने आए युवक और साथियों ने मिलकर नर्सिंग कर्मचारी को पीटा
बारां. जिले के छबड़ा अस्पताल में पट्टी करवाने आए युवक ने मामूली बहस को लेकर साथियों के साथ नर्सिंग कर्मियों से मारपीट कर चिकित्सालय में उत्पात मचाया। घटना से आक्रोशित नर्सिंग कर्मियों व चिकित्सकों ने छबड़ा थाने पहुंचकर आरोपियों पर मामला दर्ज करवाते हुए कार्रवाई करने की मांग की। इस मामले में पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घटना के कुछ समय बाद ही दो आरोपियों को डिटेन कर लिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार दोपहर को राजकीय चिकित्सालय में पट्टी करवाने आए युवक की नर्सिंग कर्मियों के साथ मामूली बहस हो गई। जिसके बाद उसने अपने अन्य साथियों को बुलाकर वहां मौजूद नर्सिंगकर्मी के साथ मारपीट कर दी। जिसमें एक नर्सिंग कर्मी घायल हो गया। इससे चिकित्सालय में हड़कंप मच गया। इसके बाद आक्रोशित नर्सिंग कर्मियों व चिकित्सकों ने छबड़ा थाने पहुंच कर आक्रोश व्यक्त किया तथा विभिन्न धाराओं में तथा धारा 4 (चिकित्सा अधिनियम-2008) के तहत मुकदमा दर्ज कराया। इस मामले में छबड़ा पुलिस ने मारपीट करने के आरोपी $खालिद हुसैन निवासी छबड़ा व भुरू जोगी निवासी जावरा (मध्यप्रदेश) हाल जोशी कॉलोनी को डिटेन किया है। पुलिस ने प्रकरण की जांच शुरू कर दी है। वहीं चिकित्सालय में आए दिन हो रही घटनाओं पर अंकुश लगाने की मांग को लेकर नर्सिंग कर्मियों ने तहसीलदार मुकेश मीण को पुलिस अधीक्षक के नाम का ज्ञापन सौंपकर चिकित्सालय परिसर में पुलिस चौकी स्थापित किए जाने की मांग की, ताकि कानून व्यवस्था बनी रहे।
source https://www.patrika.com/baran-news/chhabra-news-maarpeet-chabra-hospital-nursing-worker-beaten-8438529/
Comments
Post a Comment