बारां में आईजी ने पुलिस अधिकारियों को ऐसा क्यों कह दिया कि...

बारां. कोटा रेंज आईजी प्रसन्न कुमार खमेसरा ने जिले के पुलिस अधिकारियों को आगामी विधानसभा चुनाव के मध्यनजर कानून व्यवस्था बनाए रखने और अधिक विशेष सक्रिय होकर अपराधियों के खिलाफ निर्भिक ओर निष्पक्षता से प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पीडि़तों की शिकायतों और समस्याओं का थाना स्तर पर ही निस्तारण हो। थाना स्तर पर निस्तारित नहीं किए जाने वाले प्रकरणों का उपाधीक्षक स्तर पर निराकरण किया जाए। यह कोशिश की जाए कि परिवादियों को एसपी कार्यालय तक नहीं पहुंचना पड़े।

वार्षिक निरीक्षण करने पहुंचे थे

आईजी खमेसरा शनिवार को जिले के एक दिवसीय वार्षिक निरीक्षण के लिए बारां पहुंचे थे। यहां अल सवेरे पुलिस लाइन व पुलिस अधीक्षक कार्यालय का निरीक्षण करने के बाद पत्रकारों से चर्चा कर रहे थे। दोपहर बाद जिले के कवाई थाने व छबड़ा में उपाधीक्षक कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक राजकुमार चौधरी, आईजी कार्यालय के एएसपी पारस जैन व एएसपी जिनेन्द जैन, उपाधीक्षक राजेन्द्र मीणा, कोतवाली प्रभारी राजेश खटाणा समेत 7 उपाधीक्षक, 4 सीआई, 18 सब इंस्पेक्टर शाखा प्रभारी आदि पुलिस अधिकारी मौजूद थे।

सलामी ली, समस्या सुनकर दिए निर्देश

आईजी ने वार्षिक निरीक्षण की शुरुआत में सबसे पहले लाइन में सेरेमोनियल परेड की सलामी ली। परेड का नेतृत्व एएसपी जिनेन्द्र कुमार जैन ने किया। बाद में हत्या के क्राइम सीन, महिला आत्मरक्षा कौशल एवं बलवा परेड डेमो का निरीक्षण किया। पुलिस लाइन की विभिन्न शाखाओं व रिकॉर्ड का निरीक्षण कर दिशा निर्देश दिए। अधिकारियों व जवानों की सम्पर्क सभा ली। इस दौरान उठाए गए मुद्दों पर जिला अधिकारियोंं से चर्चा कर निस्तारण के निर्देश दिए। सभा में यातायात, महिला पुलिस, आरएसी व थाना प्रभारियों, उपाधीक्षक एवं जवानों की समस्या सुनी तथा उपलब्धियों की जानकारी ली। यहां मैस का निरीक्षण करते हुए प्रभारी हैड कांस्टेबल नदीम खान से जानकारी ली।

कवाई, छबड़ा का दौरा भी किया

दोपहर बाद कवाई थाने का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना प्रभारी व अनुसंधान अधिकारियों की बैठक लेकर लम्बित मामलों पर चर्चा कर कर निर्देश दिए। सीएलजी सदस्य, ग्राम रक्षक, पुलिस मित्र की बैठक लेकर उनसे क्षेत्र की जानकारी ली तथा पुलिस कार्यो में सहयोग करने के लिए प्रेरित किया। यहां से छबड़ा पहुंचकर वृत कार्यालय में सर्किल के थानाप्रभारियों की बैठक ली व वृत कार्यालय के अपराध व कार्यालय अभिलेखों का निरीक्षण किया।

अन्तर्राज्यीय सीमा पर रखें नाकाबंदी

अपराध गोष्ठी में आईजी ने कहा कि चुनावी वर्ष होने से वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए एरिया डॉमिनेशन के तहत अधिकाधिक कार्रवाई करने तथा हत्या, लूट, डकैती जैसे जघन्य एवं संगठित व सम्पति सबंधी अपराधों की रोकधाम, महिलाओं, बच्चों व कमजोर वर्गो के खिलाफ अपराधों का त्वरित अनुसंधान कर समय पर न्याय सुलभ कराया जाए। अन्तर्राज्यीय सीमा पर नाकाबंदी प्रभावी रखे और सीमा क्षेत्र के थानों से आपसी तालमेल बनाए रखें। उन्होंने पुलिस मुख्यालय से जारी वर्ष 2023 की पुलिस प्राथमिकताओं का क्रियान्वयन करने और चुनावी साल में निष्पक्ष व सजगता से ड्यूटी करने के निर्देश भी दिए।



source https://www.patrika.com/baran-news/baran-baran-news-top-news-big-news-breaking-news-baran-aptrika-8454229/

Comments

Popular posts from this blog

कोरोना को लेकर चिकित्सा विभाग हुआ अलर्ट

Rajasthan Assembly Election 2023 : पुल नहीं तो वोट नहीं पर अड़े हैं होड़ापुरा के ग्रामीण

कोरोनाकाल के बाद रक्षाबंधन पर बाजार में रौनक, बिक रही सोने और चांदी की राखियां