अब लिखित परीक्षा से नहीं, डीपीसी से होगा पुलिस विभाग में प्रमोशन
बारां. काफी समय से पदोन्नति की आश लगाए हुए पुलिस के जवानों की वर्षों पुरानी मांग पूरी होने की राह पर है। पुलिस कर्मियों को हैड कांस्टेबल से निरीक्षक तक के होने वाली पदोन्नति के लिए अब परीक्षा नहीं देनी पड़ेगी। इनकी पदोन्नति वरिष्ठता के आधार पर डीपीसी से के माध्यम से होगी। इसके लिए राजस्थान पुलिस अधीनस्थ सेवा नियमों में बदलाव के लिए पुलिस मुख्यालय ने सरकार को प्रस्ताव भेजने का निर्णय किया है। पदोन्नत होने वाले पुलिसकर्मियों को केवल पहले की तरह पीसीसी पूरा करना होगा। डीजीपी व अन्य अन्य आला अधिकारियों में सहमति के बाद प्रस्ताव सरकार को भेजा जाएगा। वर्तमान में सेवा नियमों में पदोन्नति के लिए योग्यता परीक्षा का अन्य प्रावधान है। संशोधन प्रस्ताव को सरकार से मंजूरी मिलने पर अन्य सेवाओं की तरह वरिष्ठता के आधार पर पुलिस कर्मियों के नामों पर विचार किया जाएगा। पदोन्नति के बाद होने वाली पीसीसी यानी प्रमोशन कैडर कोर्स व्यवस्था यथावत रहेगी। वरिष्ठता के आधार पर पदोन्नति को लेकर जवानों की मांग लंबे समय से है। वर्तमान में परीक्षा का प्रावधान है। जवान पदोन्नति परीक्षा को सभी पदों के लिए खत्म करने की मांग कर महानिदेशक की अध्यक्षता में जुलाई माह में हुई संस्थपन बोर्ड की बैठक में कांस्टेबल से लेकर पुलिस निरीक्षक स्तर तक की पदोन्नतियां वरिष्ठता व कार्मिकों के सेवा रिकार्ड के आधार पर करने का निर्णय किया गया।
रहेगी अधिक पारदर्शिता
वरिष्ठता अनुसार डीपीसी के माध्यम से पदोन्नतियां होने से पदोन्नतियो में अधिक पारदर्शिता रहेगी एवं व्यवस्थाओ में सरलीकरण होगा। पुलिस कार्मिकों में अपने पद के अनुरूप कार्यदक्षता में बढ़ोतरी होगी एवं उत्साह का संचार होगा। पुलिस मुख्यालय से करीब एक सप्ताह पूर्व आई निर्देश की प्रतियां प्रदेश के सभी जिलों में सूचनात्मक पहुंची हैं। प्राप्त निर्देश की प्रतियां स्थाई आदेश नहीं है। इस मामले में सुझाव मांगे जा रहे हैं। कोटा संभाग में वर्ष 2020-2021 की एएसआई से एसआई की वर्ष 2022 में परीक्षा हुई थी। जिसमें किन्हीं कारणों को लेकर हाईकोर्ट से स्टे के बाद परिणाम अटके हुए है। वही पदोन्नति के लिए कोई परीक्षा भी नहीं हो रही है। ऐसे में इस डीपीसी प्रक्रिया से कब कितना लाभ मिल पाएगा। यह अभी कहा नही जा सकता है।
वर्तमान में यह है प्रक्रिया
वर्तमान में लिखित परीक्षा के साथ ही कांस्टेबल से हैड कांस्टेबल के लिए 5 वर्ष की नियमित सेवा तथा स्नातक के लिए 3 वर्ष की सेवा का प्रावधान है। हैड कांस्टेबल से एएसआई के लिए भी यही नियम है। एएसआई से एसआई के लिए दो वर्ष की नियमित सेवा तथा स्नातक के लिए एक वर्ष की सेवा का नियम है। एसआई से सीआई के लिए नियमित सात वर्ष की सेवा तथा स्नातक के लिए 5 वर्ष की सेवा का प्रावधान है।
- जिले में 1035 कांस्टेबल, 245 हैड कांस्टेबल, 88 एएसआई तथा 26 एसआई है। जिनमें अनेक पदोन्नति की राह ताक रहे हंै। जैसे भी दिशा निर्देश मिलते हैं। उनकी पालना की जाएगी। निर्णय में जैसा भी सुझाव मांगते है तो दिया जाएगा।
राजकुमार चौधरी, एसपी
source https://www.patrika.com/baran-news/rajasthan-police-police-news-promotion-in-police-department-police-8458331/
Comments
Post a Comment