डोल तालाब के पहले चरण का नब्बे फीसदी कार्य पूरा
बारां. शहर के मांगरोल रोड िस्थत तालाब के सदृढ़ी व सौन्दर्यीकरण के तहत प्रथम फेज का 90 प्रतिशत कार्य पूरा हो गया है। शेष 10 फीसदी कार्य सितम्बर माह तक पूरा हो जाएगा। नगर परिषद ने अब दूसरे फेज के लिए 50 करोड़ रुपए की डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार कर स्वायत शासन विभाग को भिजवाई है। इसके मंजूर होने के बाद तालाब की पाळ के सौन्दर्यीकरण समेत पार्क, वाकिंग ट्रेक, बगरूधाम तक पुल व अन्य कार्य कराए जाएंगे। शहर के इस तालाब का खासा महत्व है। जलझूलनी एकादशी पर शहर के लगभग पांच दर्जन देव विमानों को शोभायात्रा के साथ ले जाया जाता है। यहां होने वाली जलवा पूजन की रस्म को देखने तथा देव दर्शन के लिए हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती है। इसके साथ ही प्रदेश का ख्यातनाम पन्द्रह दिवसीय डोल मेला शुरू हो जाता है।
तालाब के पैंदे में बिछाई कंकरयुक्त मिट्टी
नगर परिषद के कनिष्ठ अभियंता मानसिंह मीणा ने बताया कि प्रथम फेज में तालाब के पैंदे दो से ढाई मीटर मिट्टी की खुदाई करवाई गई है। इस मिट्टी को तालाब की पाळ पर डाला गया है। इसके स्थान कंकरयुक्त मिट्टी बिछाई गई है। इससे तालाब के सीपेज बंद होंगे तथा इसमें संग्रहित होने वाला पानी सुरक्षित रहेगा।
1350 मीटर की बनी रिटेनिंग वॉल
मीणा ने बताया कि तालाब की पाळ को सुरक्षित रखने के लिए अब तक लगभग 1350 मीटर की लम्बाई में रिटेनिंग वाल का निर्माण पूरा हो गया है। इसमें बगरू धाम के चारों ओर रिटेनिंग वाल बना दी गई है। अब लगभग 500 मीटर में रिटेनिंग वाल बनाई जानी है, इसे सितम्बर माह के अंत तक बना दिया जाएगा। शेष कार्य दूसरे फेज में होंगे।
- डोल तालाब के सुदृढ़ीकरण का कार्य पहले फेज में लगभग पूरा हो गया है। अब शेष कार्य दूसरे फेज में होंगे। इनकी डीपीआर भेज दी गई है। इस साल जलझूलनी एकादशी पर तालाब की पाळ पर जलवा पूजन की रस्म के दौरान श्रद्धालु सहजता से देव दर्शन कर सकेंगे।
-ज्योति पारस, सभापति नगर परिषद, बारां
source https://www.patrika.com/baran-news/ninety-percent-work-of-first-phase-of-dol-talab-completed-8413521/
Comments
Post a Comment