विघ्नहर्ता भगवान गणेश को खुशी-खुशी किया विदा

बारां. जिले में अनंत चतुर्दर्शी पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। गणपति बप्पा मोरिया, अगले बरस तू जल्दी आ, के जयकारों के साथ गणपति की प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। शहर के अधिकांश पांडालों से प्रतिमाएं विसर्जन के लिए गाजे-बाजे के साथ पार्वती नदी के पावन तट पर ले जाई गई। नदी के उफान पर होने से पुलिस लवाजमा अनहोनी को टालने के लिए मुस्तैद रहा। पुलिस जवानों ने उत्साहित युवकों को नदी के बहाव से पहले ही रोक दिया। प्रतिमाओं के विसर्जन के साथ ही गणेश महोत्सव का समापन हो गया। शहर में एक दर्जन से अधिक स्थानों पर पांडाल सजा कर विघ्नहर्ता भगवान गणेश की आराधना का दौर गणेश चतुर्थी से शुरू हो गया था। सामूहिक पांडालों के अलावा घर-घर घट स्थापना की गई थी। गणेश महोत्सव को लेकर बच्चों में खासा उत्साह था। ऐसे में बच्चे बप्पा की प्रतिमा के विसर्जन के लिए पास स्थित पवित्र सरोवरों में पहुंचे तथा भगवान गणेश से सुख, समृद्धि की कामना कर उनकी प्रतिमाओं को विसर्जित किया। इसके अलावा जिले के मंडोला, अटरू, मोठपुर, कवाई, किशनगंज, सीसवाली, सारथल, केलवाड़ा, गऊघाट, मऊ, मांगरोल, देवरी, नाहरगढ़, कस्बाथाना, बमोरीकलां, जलवाड़ा, भंवरगढ़ आदि में भी धूमधाम से गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया।
आज होगा विसर्जन
हरनावदाशाहजी. कस्बे में अनंत चतुर्दशी महोत्सव पर शुक्रवार को रिद्धि-सिद्धि नवयुवक मंडल की ओर से शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसमें गणेश प्रतिमा के साथ विभिन्न झांकियां शामिल रहेंगी। शोभायात्रा दोपहर 12 बजे पुराना थाना चौक से शुरू होगी, जो विवेकानंद सर्किल, फकीर मोहल्ला, बागरी मोहल्ला होकर बीलखेडा स्थित परवन नदी पर विसर्जित होगी। यहां गणपति विसर्जन होगा।



source https://www.patrika.com/baran-news/big-news-breaking-news-ganesh-chaturthi-ananat-chaturdashi-ganesh-8511250/

Comments

Popular posts from this blog

कोरोना को लेकर चिकित्सा विभाग हुआ अलर्ट

Rajasthan Assembly Election 2023 : पुल नहीं तो वोट नहीं पर अड़े हैं होड़ापुरा के ग्रामीण

कोरोनाकाल के बाद रक्षाबंधन पर बाजार में रौनक, बिक रही सोने और चांदी की राखियां