प्रतीक्षालय के बाद अब एक्सरे मशीन को भी ‘जेल’
स्वास्थ्य विभाग की ओर से जिले में मरीजों के हित में विभिन्न आधुनिक और आवश्यक सुविधाओं का विस्तार करने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन जिला अधिकारियों की ओर से सुविधाओं पर ताले लगाकर लोगों को लाभ से वंचित रखा जा रहा है। पिछले करीब दो वर्षों से जिला अस्पताल परिसर में तीमारदारों के लिए बनाए गए प्रतीक्षालय भवन पर जिला औषधि भंडार ने कब्जा जमाया हुआ है। जिम्मेदारों ने दवा आदि भर कर ताला लगा दिया और मरीजों के तीमारदार यहां-वहां बैठकर टाइम पास कर रहे हैं। प्रयासों के बावजूद अधिकारियों ने बहानेबाजी ओर टालमटोल रवैया अपनाते हुए भवन को खाली नहीं किया। अब लाखों की एक्स-रे मशीन को ताले में बंद कर दिया।
वर्तमान मशीन 14 साल पुरानी, नई वाली नहीं आ रही काम
जिला अस्पताल को अरसे बाद मिली लाखों रुपए की एक्स-रे मशीन ताले में बंद है। वर्तमान में संचालित मशीन करीब 14 वर्ष पुरानी है। इसमें आए दिन खराबी आने से जिला अस्पताल प्रशासन की ओर से प्रयास कर स्वास्थ्य निदेशालय से मशीन मांगी गई थी। अब किसी तरह मशीन तो मिल गई, लेकिन एक्स-रे नहीं हो रहे हैं। जिला अस्पताल में एक्स-रे मशीन के अलावा करीब 53 लाख की लागत से तैयार प्रतीक्षालय भवन पर भी ताले लगे हुए हैं। यह भवन मरीजों के तीमारदारों के लिए बनाया गया था, लेकिन विभाग ने भवन में दवा भर कर ताला लगा दिया। वर्तमान में संचालित मशीन क्षमता से अधिक काय्र करने से अब आए दिन खराब होने लगी है। इससे मरीजों को जेब ढीली करनी पड़ रही है। निजी जांच केन्द्रों पर डीजीटल एक्स-रे के नाम पर मरीजों से मनमानी राशि ली जा रही है। जबकि जिला अस्पताल में एक्स-रे निशुल्क किए जाते है। मशीन खराब होने की स्थिति में पुलिस कार्रवाई के लिए एमएलसी कराने के लिए कई बार इंतजार करना पड़ता है तो कई बार अन्य सरकारी अस्पतालों में जाना पड़ता है।
सी-आर सिस्टम मिले तो कुछ बात बने
सूत्रों ने बताया कि एक्स-रे विभाग और जिला अस्पताल प्रशासन की ओर से बारां में नई एक्स-रे मशीन की आवश्यकता जताते हुए बारबार दबाव बनाया गया तो उदयपुर जिले की एक सीएचसी के लिए स्वीकृत एक्स-रे मशीन को बारां जिला अस्पताल को आवंटित कर दिया गया। डिजीटल सी-आर सिस्टम की स्वीकृति नहीं दी गई। इससे सी-आर सिस्टम नहीं मिला ओर लाखों की कीमती मशीन ताले में बंद होकर रह गई। अब जिले के छीपाबड़ौद अस्पताल में नया सी-आर सिस्टम रखे होने तथा वर्तमान में उसका उपयोग नहीं होने का पता लगा तो प्रयास कर छीपाबडौद सीएचसी से इस मामले में एनओसी प्राप्त की गई। अब इस आधार पर सीएमएचओ कार्यालय को लिखकर कागजी प्रक्रिया की जाएगी।
लगातार प्रयास करने से नई एक्स-रे मशीन तो मिल गई, लेकिन सी-आर सिस्टम नहीं दिया गया। अब छीपाबड़ौद सीएचसी पर रखे सी-आर सिस्टम को मंगाने का प्रयास किया जा रहा है। प्रतीक्षालय भवन खाली कराने को लेकर भी प्रयास तेज किए जाएंगे।
डॉ. सतीश अग्रवाल, पीएमओ, जिला अस्पताल
source https://www.patrika.com/baran-news/baran-jila-hospital-district-hospital-xray-machiene-xray-facility-8550777/
Comments
Post a Comment