किसानों को अब मिलेगी मंडी में राहत
बारां. कड़ी मेहनत से खेत में एक एक दाना बीनकर कृषि उपज मंडी में लाई गई फसल पर जब बरसात का कहर बरपता है तो किसान की आशाओं पर पानी फिर जाता है। लेकिन, आगामी बरसात में किसानों को काफी राहत मिल जाएगी। कृषि उपज मंडी में तीन बड़े कवर्ड नीलामी शेड निर्माण की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। जो करीब 6 माह में पूर्ण होगी। मानसून तथा असमय होने होने वाली बरसात एवं ग्रीष्मकाल में धूप से बचाव के लिए कवर्ड नीलामी शेडों के निर्माण की कवायद शुरु हो गई है।
यहां बनेगें कवर्ड शेड
कृषि उपज मंडी में हालांकि चार सीसी तथा चार टीन के बड़े नीलामी शेड बने हुए हैं। इसके बाद भी आवश्यकता को देखते हुए। 1493.53 लाख रुपए की लागत से तीन कवर्ड नीलामी शेडों का निमार्ण कार्य के लिए संवेदक ने सामग्री डालना शुरू कर दिया है। जिसके तहत 2 व 3 आरसीसी शेड के मध्य 803.04 लाख की लागत से 600 गुणा 150 वर्ग फुट, चार नम्बर शेड के करीब 214.08 लाख रुपए की लागत से 600 गुणा 40 वर्ग फुट तथा बड़े सीसी नीलामी स्थल की साइड में 476.41 लाख रुपए की लागत से 420 गुणा 100 वर्ग फुट टीन का नीलामी कवर्ड शेड का निर्माण कार्य करवाया जाएगा।
अन्य कार्य भी शीघ्र शुरू होंगे
कृषि उपज मंडी में कवर्ड नीलामी शेडों के निर्माण के बाद नाले का निर्माण कार्य तथा खुले नीलामी सीसी स्थल का निर्माण कार्य समेत अन्य कार्य भी करवाए जाएंगे।
कृषि उपज मंडी में बरसात के समय खुले में कृषि जिन्सों के भीगकर खराबा होने की लगातार परेशानी बनी हुई थी। इस समस्या के समाधान को लेकर शीघ्र ही अब कवर्ड नीलामी सेडो का निर्माण कार्य करवाया जा रहा है। करीब 6 माह में यह कार्य पूर्ण होने की उम्मीद है।
- मनोज मीणा, सचिव, कृषि उपज मंडी, बारां
source https://www.patrika.com/baran-news/mandi-baran-mandi-krishi-upaj-mandi-agriculture-construction-work-8527382/
Comments
Post a Comment