Rajasthan Election 2023 : लाल डायरी में लिखा है आने वाले चुनाव में कांग्रेस सरकार फिर से आ रही हैः खरगे
जयप्रकाश सिंह
बारां. Rajasthan election 2023 : राज्य विधानसभा के चुनावों का एलान होने के बाद पहली बार सोमवार को राजस्थान दौरे पर आए कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने चुनावी अभियान की शुरूआत कर दी। उन्होंने बारां में ईस्टर्न राजस्थान कैनाल प्रोजेक्ट (ईआरसीपी) के मुद्दे पर केंद्र सरकार पर हमला बोला और कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जुबान दी, लेकिन उस पर चले नहीं। जबकि, राजस्थान सरकार ने जो गारंटी दी, उसे पूरा किया है। इस योजना के लिए भी राजस्थान सरकार ने करोड़ों रुपए दिए, लेकिन केन्द्र सरकार ने एक भी पैसा नहीं दिया। राजस्थान में पानी की समस्या ज्यादा है और भाजपा सांसद चुप बैठे हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने लाल डायरी का मुद्दा बनाया और बोले कि लाल डायरी में क्या लिखा है। मैं बताता हूं, लाल डायरी में लिखा है कि आने वाले चुनाव में राजस्थान में कांग्रेस फिर से सरकार बनाएगी। खरगे ने कहा कि मोदी संसद में कम बैठते हैं और प्रचार के लिए दौड़ते रहते हैं। कर्नाटक में भी खूब दौड़े। लेकिन गहलोत, मोदी की तरह नहीं करते कि आए, बोले और चले गए। उन्होंने काम किया है। यह काम वही कर सकता है, जो गरीबों की तकलीफें जानता है। गहलोत सरकार ने 21 लाख किसानों का कर्ज माफ किया। आपको सोचना होगा कि झूठ बोलने वालों की सरकार चाहिए या काम करने वालों की सरकार चाहिए।
यह भी पढ़ें : चुनाव से पहले कांग्रेस-भाजपा में 'टिकट' को लेकर मुकाबला, जानें भीलवाड़ा में क्या हो रही हलचलें?
टिप्पणी.... हाथी के दांत, खाने के कुछ- दिखाने के कुछ
उन्होंने पिछले दिनों प्रधानमंत्री मोदी के पार्वती कुण्ड के फोटो पर तंज कसा और कहा कि ऊपर सफेद कपड़े और अंदर जाकिट-पेंट पहन रखा था। वे अपने आपको बहुत ज्यादा श्रद्धावान दिखा रहे थे, लेकिन वे हाथी के दांत की तरह हैं, खाने के कुछ और दिखाने के कुछ और।
गहलोत और डोटासरा ने भी बोला हमला
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने भी ईआरसीपी को लेकर केन्द्र सरकार पर जमकर वादाखिलाफी का आरोप लगाया। मंच पर कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव के.सी. वेणुगोपाल, प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा, विधानसभा अध्यक्ष सी.पी.जोशी समेत कई मंत्री, विधायक और पार्टी के वरिष्ठ नेता मौजूद थे।
यह भी पढ़ें : गहलोत-पायलट पर टिका इस जिले का भविष्य, फिर होगा सीधा टकराव?
बिल हम लाए... महिलाओं आरक्षण के लिए बरसों लड़े
खरगे ने कहा, महिला आरक्षण के लिए हम बरसों से लड़ रहे हैं। हम बिल लाए थे, लेकिन भाजपा ने उसका समर्थन नहीं किया। हमने निकायों में महिलाओं को आरक्षण दिलवाया। देश की पहली महिला राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, लोकसभा अध्यक्ष हमारी पार्टी की बनी।
सूची के सवाल पर बोले 18 तक आ जाएगी।
राजस्थान में कांग्रेस के उम्मीदवारों की सूची 18 अक्टूबर तक आ सकती है। बारां में सोमवार को जनसभा के बाद हेलीपेड की ओर जाते समय कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से उम्मीदवारों की सूची को लेकर मीडियाकर्मियों ने सवाल किया तो उन्होंने बस इतना ही कहा कि 18 तक हो जाएगा।
source https://www.patrika.com/baran-news/rajasthan-election-2023-mallikarjun-kharge-said-congress-has-fulfilled-every-guarantee-modi-only-makes-promises-8539746/
Comments
Post a Comment