वारदात : घर के बाहर खड़े युवक को मारा चाकू, गंभीर हालत में कोटा भर्ती

अंता कस्बे के कवासपुरा इलाके में रविवार रात घर के बाहर खड़े युवक को चार जनों ने चाकू मारकर घायल कर दिया। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है, अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही हैं। इस मामले को लेकर राजनीति गर्मा गई है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक घनश्याम शर्मा ने बताया कि घायल की मां पाराबाई गवारिया ने रिपोर्ट दी कि उनके पुत्र आकाश और सुनील कुमार रविवार रात घर के बाहर खड़े होकर बातचीत कर रहे थे। तभी मोहल्ले के ही आजाद और उसके साथी मोटरसाइकिल से आए। उन्होंने गले और सीने पर चाकू से वारकर सुनील को गंभीर रूप से घायल कर दिया। परिजनों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, वहां से सुनील को गम्भीर हालत में कोटा रैफर कर दिया। जहां उसका उपचार जारी है। मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका को लेकर गहनता से पड़ताल की जा रही है। वारदात के बाद पुलिस ने घटना स्थल का मुआयना किया। आरोपी आजाद और उसके तीन साथियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

दोनों बता रहे कार्यकर्ता

वारदात के बाद यहां की सियासत गर्म हो गई। बीजेपी और कांग्रेस दोनों ही घायल को अपना कार्यकर्ता बता रहे हैं। कस्बे में मंगलवार को नरेंद्र मोदी की जनसभा की तैयारियों के लिए आए केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने घायल सुनील के घर जाकर परिजनों से बात की और मामले की जानकारी ली। उन्होंने एसपी राजकुमार चौधरी से फोन पर इसकी निष्पक्ष जांच के लिए कहा। पत्रकारों से बातचीत में जोशी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस राज में इस तरह की घटना आम हो गई हैं। राजस्थान में भाजपा की सरकार आने पर यूपी मॉडल के तहत काम किया जाएगा। भाजपा प्रत्याशी कंवरलाल मीणा ने रात को अस्पताल जाकर घायल की कुशलक्षेम पूछी। दूसरी ओर कांग्रेस के जिला संगठन महामंत्री कैलाश जैन ने घायल को पार्टी कार्यकर्ता बताया। अंता में लड़ाई-झगड़े की आशंका को लेकर प्रमोद जैन भाया ने पूर्व में ही मुख्य निर्वाचन अधिकारी व पुलिस अधीक्षक को शिकायत दी थी। अंता क्षेत्र में बाहर से आए लोग माहौल बिगाडऩे की कोशिश कर रहे है। इन्हें क्षेत्र से बाहर किया जाना चाहिए।



source https://www.patrika.com/baran-news/youth-stabbed-in-anta-accused-caught-some-accused-absconding-crime-8598527/

Comments

Popular posts from this blog

कोरोना को लेकर चिकित्सा विभाग हुआ अलर्ट

Rajasthan Assembly Election 2023 : पुल नहीं तो वोट नहीं पर अड़े हैं होड़ापुरा के ग्रामीण

कोरोनाकाल के बाद रक्षाबंधन पर बाजार में रौनक, बिक रही सोने और चांदी की राखियां