कारोबार में बारां की कृषि मंडी ने कर दी 106 करोड़ की पौबारह
कृषि उपज मंडी में इन दिनों मक्का की अच्छी आवक हो रही है। इस वर्ष गत वर्ष की तुलना में अधिक मक्का की आवक हो रही है। जिसका कारण अधिक रकबा तथा उत्पादन भी है। इस वर्ष जनवरी से नवम्बर 11 माह में मंडी में मक्का का करीब 106 करोड़ का कारोबार हो चुका है। जो वर्ष 2022 की तुलना में 14 करोड़ अधिक है। कृषि उपज मंडी में 30 नवम्बर 2023 तक करीब 13.42 लाख कटटे मक्का की आवक हो चुकी है। जबकि वर्ष 2022 में नवम्बर माह तक 11.48 लाख कट्टे मक्का की आवक हुई थी।
नवंबर के माह में हुई अधिक आवक
कृषि उपज मंडी में जहां गत वर्ष 2022 में सर्वाधिक नवम्बर माह में 2 लाख 98 हजार 603 क्विंटल आवक हुई थी। वही इस वर्ष अक्टूबर माह में 4 लाख 54 हजार 617 क्विंटल मक्का की आवक हुई। वहीं सबसे कम आवक वर्ष 2022 में जून माह में 40 क्विंटल हुई तो इस वर्ष अप्रेल में 96 क्विंटल मक्का की आवक हुई है।
पंजाब व हरियाण के लिए अधिक खरीद
बारां कृषि उपज मंडी से मक्का की सर्वाधिक खरीद पंजाब व हरियाणा प्रांत के लिए की जा रही है। वही गुजरात समेत राजस्थान के जोधपुर, भरतपुर, उदयपुर, अलवर तथा नदबई के व्यापारी भी यहां से मक्का की खरीद कर रहे है। मंडी व्यापारी विमल बंसल ने बताया कि मंडी से अब तक सिर्फ पंजाब के लिए ही 10 रेलवे रेक भरवाई जा चुकी है। मंडी में मक्का की अच्छी आवक जनवरी माह तक जारी रहेगी।
मक्का है लाभकारी
ज्यादातर लोग मक्का खाना पसंद करते हैं। यह सर्दियो में गर्माहट ही नहीं हैल्थ से संबंधित कई फायदे भी पहुंचाती हैं। मक्का को दुनियाभर में प्रसिद्ध अनाजों में गिना जाता है। यह आमतौर पर पीली होती है। लेकिन लाल, नारंगी, बैंगनी, नीली, सफेद और काली जैसे कई अन्य रंगों में भी उत्पादित की जाती है। मक्का में कई तरह के पोषक गुण होते हैं। जिसकी वजह से न्यूट्रीशियन एक्सपर्ट इसे खाने की सलाह देते हैं। एक्सपर्ट बताते है कि यह डायबिटीज को नियंत्रित करती है। आंखों के लिए फायदेमंद है, वजन नियंत्रण में सहायक तथा आयरन की कमी को पूरा करती है। वही यह एनीमिया से बचाव में सहायक होने के साथ ही हृदय स्वास्थ्य के लिए उपयोगी तथा पाचन को दुरुस्त रखती है। कोलेस्ट्रॉल कंट्रोल करती है, हड्डियों को मजबूत बनाती है साथ ही अल्जाइमर में मददगार होती है।
source https://www.patrika.com/baran-news/food-production-maize-production-agricultural-produce-market-farmer-8621452/
Comments
Post a Comment