क्या पता था कि घर से 2 किमी पहले ही मौत अपने आगोश में ले लेगी
कवाई थाना क्षेत्र के अंतर्गत शनिवार रात्रि को जेसीबी मशीन और मोटरसाइकिल के आमने-सामने की टक्कर में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, दूसरे के गंभीर घायल होने पर उसे इलाज के लिए बारां जिला चिकित्सालय भेजा गया है। सूचना पर पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंच कर दोनों युवकों को कवाई स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने एक को मृत घोषित कर दिया। वही दूसरे युवक के शरीर में गंभीर चोट होने पर इलाज के लिए रेफर कर दिया। पुलिस ने जेसीबी को डिटेन कर रविवार सुबह कवाई स्वास्थ्य केंद्र पर मृतक का पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने मृतक के परिजनों की रिपोर्ट पर जांच शुरू की है।
कवाई से हम्माली का काम कर लौट रहे थे
थाना प्रभारी रामस्वरूप मीणा के अनुसार थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले कुंडी गांव निवासी 22 वर्षीय दिनेश पुत्र बालकिशन जाति कुशवाह व उसका मामा मनोज कुशवाह कवाई मंडी में हम्माली का काम कर रात 9:30 बजे मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। इस दौरान स्टेट हाइवे स्थित खेमजी चौराहे व कुंडी गांव के बीच लिंक सड़क पर सामने की ओर से आ रही जेसीबी मशीन से उनकी भिडंत हो गई। इसमें दिनेश कुशवाहा की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची कवाई पुलिस ने दोनों को स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया जहां दिनेश कुशवाहा को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं बाइक पर पीछे बैठे उसके मामा मनोज के शरीर में गंभीर चोटें होने पर उसे इलाज के लिए बारां भेजा गया है। पुलिस ने मृतक का रविवार सुबह स्वास्थ्य केंद्र पर पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों को सौंप दिया। वहीं परिजनों द्वारा दर्ज करवाई रिपोर्ट के आधार पर जेसीबी को डिटेन कर आगे की कार्रवाई शुरू की है।
मुआवजे की मांग, समझाइश
शनिवार रात को सड़क दुर्घटना में मौके पर ही मौत हो जाने पर दिनेश के शव को पुलिस ने कवाई स्वास्थ्य केंद्र की मोर्चरी में रखवा दिया था। रविवार सुबह जब उसका पोस्टमार्टम किया जाना था कि इस दौरान मृत के परिजन 20 लाख के मुआवजे की मांग को लेकर अड गए और मृतक का पोस्टमार्टम करवाने से इनकार कर दिया। इस पर वहां पहुंचे थाना प्रभारी रामस्वरूप मीणा ने परिजनों के साथ आधे घंटे तक समझाइश कर उन्हें पोस्टमार्टम के लिए राजी किया। बाद में मृतक का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया। थाना प्रभारी रामस्वरूप मीणा ने बताया कि दुर्घटना के बाद ही जेसीबी मशीन को डिटेन कर दर्ज करवाई रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
source https://www.patrika.com/baran-news/road-accident-jcb-and-motorcycle-collide-death-of-youth-accident-8639797/
Comments
Post a Comment